
छिंदवाड़ा. नगरीय क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट के उचित प्रबंधन एवं पर्यावरणीय नियमों के पालन को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जिले के समस्त नगरीय निकायों को निर्देश जारी किए गए हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने सभी नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों सहित सभी संबंधित पर्यावरणीय अधिनियमों का समयबद्ध एवं नियमानुसार पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। इस कार्रवाई के संदर्भ में क्षेत्रीय अधिकारी ने अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत आने वाले जिले के समस्त नगरीय निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि नगरीय निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट का संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण एवं निपटान निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित करें। साथ ही किसी भी प्रकार के अवैध कचरा एकत्रीकरण अथवा पर्यावरणीय नियमों की अवहेलना की स्थिति उत्पन्न न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित नगरीय निकाय के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
