ग्वालियर:रिश्तेदारी से घर लौट रहे बाइक सवार के लिये जौरासी घाटी का मोड़ हादसे की वजह बन गया। सुबह तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाईकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सुब्बन खान गंभीर रूप् से घायल हो गये। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। बिलौआ थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
कल्याणी के गांव से लौट रहे थे
पुलिस के मुताबिक भेटपुरासानी निवासी सुब्बन खान 55, दो दिन पहले ग्राम कल्याणी में रिश्तेदारी में गये थे। सुबह लगभग 7 बजे वह मोटरसाईकिल से अपने गांव लौट रहे थे। जौरासी घाटी स्थित खच्चू बाबा दरगाह के पास पहुंचते ही पीछे से आये अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह मोटरसाईकिल से उछलकर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।
सड़क पर घायल अवस्था में पड़े सुब्बन खान को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें राहगीरों की मदद से जेएएच पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
