
पिपलियामंडी। कृषि उपज मंडी पिपलियामंडी से पश्चिम बंगाल के धुपगुड़ी भेजी जा रही 136 क्विंटल 85 किलोग्राम लहसुन की खेप ट्रक सहित रास्ते में गायब हो गई। व्यापारी की शिकायत पर पिपलियामंडी पुलिस ने ट्रक चालक व उसके साथी के खिलाफ धारा 316(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। गायब माल की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पिपलियामंडी निवासी लहसुन व्यापारी लोकेश पिता शंकरलाल हरजानी की फर्म को पश्चिम बंगाल की गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी, धुपगुड़ी से लहसुन भेजने का ऑर्डर मिला था। 23 अगस्त को आसाम बंगाल एमडी रोड लाइंस मंदसौर ट्रांसपोर्ट के माध्यम से आयशर ट्रक क्रमांक एचआर 39 जी 8686 मंडी पहुंचा। ट्रक में चालक दिनेश पिता जोगिंदर सिंह निवासी लुडास, हिसार (हरियाणा) और उसका साथी अकबर अंसारी मौजूद था।
व्यापारी के अनुसार ट्रक में 432 बैग लहसुन, कुल वजन 136 क्विंटल 85 किलोग्राम लोड कर शाम करीब 7.30 बजे पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किया गया। अगले दिन चालक व उसके साथी के मोबाइल बंद मिले। धुपगुड़ी की फर्म से संपर्क करने पर माल वहां नहीं पहुंचने की जानकारी मिली।
शिकायत पर पुलिस ने चालक व उसके साथी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। वहीं वाहन के नंबर को लेकर भी विसंगति सामने आने की बात कही गई है। व्यापारी पक्ष के अनुसार वाहन के वास्तविक पंजीयन को लेकर जांच में एमपी 09 बीएम 4221 नंबर सामने आया है। हालांकि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
पुलिस चालक व उसके साथी की तलाश के साथ ट्रक, उसके वास्तविक मालिक, परिवहन दस्तावेज और लहसुन की खेप के संभावित रूट की जांच कर रही है। मोबाइल की तकनीकी जानकारी के आधार पर भी माल व वाहन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
