
सीधी। पटाखेदार साइलेंसर वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की सख्ती शुरू हो गई है।नियमों की अवहेलना पर त्वरित चालान व कठोर कार्यवाही होगी।पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।आज शहर में पैदल भ्रमण कर यातायात पुलिस ने कार्यवाही की शुरुआत की। इसी क्रम में छत्रसाल स्टेडियम के पीछे बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़कर 1,000 रुपये का चालान किया गया तथा पटाखेदार साइलेंसर जप्त किया गया।आज गश्त के दौरान भी थाना प्रभारी यातायात को एक बुलेट मोटरसाइकिल तेज आवाज करते हुए आती दिखाई दी। वाहन को रुकवाकर जांच की गई तो पाया गया कि चालक ने मूल साइलेंसर हटाकर अधिक शोर करने वाला गैर-कानूनी साइलेंसर लगवाया है। यह मोटर व्हीकल एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन था। तत्काल चालानी कार्यवाही की गई, मोटरसाइकिल को जप्त कर अवैध साइलेंसर निकलवाया गया।ऐसे पटाखेदार साइलेंसर गोलियों जैसी तेज आवाज और गड़गड़ाहट पैदा करते हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आमजन परेशान होते हैं। यह शहर की शांति व्यवस्था एवं यातायात सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। पुलिस ने साफ किया है कि अब शहर में ऐसे वाहन चालकों की खैर नहीं है। लगातार चेकिंग अभियान के तहत मौके पर ही साइलेंसर निकलवाए जाएंगे और चालान की कार्यवाही की जाएगी।इसके अतिरिक्त तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने निर्देश दिए हैं कि यातायात नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए और नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए।
