गुरुओं की धरती पंजाब में आकर गर्व का अनुभव हो रहा है: मोदी

जालंधर, 17 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब में 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया और कहा कि गुरुओं की धरती पर आकर वह गर्व का अनुभव कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने इन कार्यक्रमों के बाद लोगों काे संबोधित करते हुए कहा कि कुछ समय पहले उन्हें श्री गुरु रविदास के जन्मोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला था और आज जालंधर विकास के नये उत्सव का साक्षी बन रहा है। उन्होंने अमृतसर-काशी नयी रेल सेवा, दौलतपुर चौक-कारटोली रेल लाइन, करौली-अंबाला रेल सेवा, लुधियाना बाईपास तथा दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे के एक नये खंड के उद्घाटन और शिलान्यास का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

श्री मोदी ने अमर शहीद सरदार तेजा सिंह समुंदरी को उनकी शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। रेलवे के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट, आनंदपुर साहिब, श्री मुक्तसर साहिब और साहिबजादा अजीत सिंह नगर रेलवे स्टेशन आधुनिक स्वरूप में विकसित किये गये हैं और इन्हें स्थानीय संस्कृति एवं विरासत से भी जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास जी महाराज एयरपोर्ट तथा चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रखा गया है।

श्री मोदी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है, गैंगवार और फिरौती की घटनाएं बढ़ी हैं तथा नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और कर्ज के बोझ से घिरी हुई है तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में पंजाब के विकास के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी, लेकिन उसका समुचित उपयोग नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि राज्य के समग्र विकास, निवेश, रोजगार और बेहतर प्रशासन के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार आवश्यक है।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल की भी आलोचना करते हुए कहा कि दोनों दल अपने आंतरिक विवादों में उलझे हुए हैं, जबकि भाजपा पंजाब के विकास को प्राथमिकता दे रही है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब खेल प्रतिभाओं की धरती है और खेलो इंडिया, नयी खेल नीति तथा विकसित हो रही स्पोर्ट्स इकोनॉमी से राज्य के युवाओं को नये अवसर मिलेंगे। उन्होंने विशेष रूप से जालंधर के खेल उपकरण उद्योग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश के स्पोर्ट्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।

प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि रेल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी ये परियोजनाएं हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के विकास को नयी गति देंगी तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

पंजाब के लिए श्री मोदी ने 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी। इनका उद्देश्य क्षेत्र में संपर्क को मजबूत करना, यात्री सुविधा में सुधार करना और आर्थिक विकास को गति देना है।

प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जालंधर कैंट सहित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। बीस राज्यों में फैले 75 अमृत स्टेशनों का उद्घाटन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो विश्व के सबसे बड़े स्टेशन पुनर्निर्माण कार्यक्रमों में से एक है। लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन स्टेशनों को आधुनिक और यात्री-अनुकूल सुविधाओं में बदला गया है। ‘विरासत भी, विकास भी’ की भावना से पुनर्विकसित इन स्टेशनों में स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला को दर्शाने वाले तत्व शामिल किये गये हैं।

श्री मोदी ने नांगल बांध-तलवारा-मुकेरियन नयी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत लगभग 830 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दौलतपुर चौक-करतोली नयी रेल लाइन का भी उद्घाटन किया। इससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क काफी मजबूत होगा, जिससे होशियारपुर और ऊना जिलों को लाभ होगा। यह नयी रेल लाइन श्री आनंदपुर साहिब और मां चिंतपूर्णी मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी, साथ ही यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक विश्वसनीय परिवहन साधन उपलब्ध कराकर दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच को बेहतर बनाएगी।

प्रधानमंत्री ने करतोली-अंबाला रेल सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। प्रधानमंत्री अमृतसर (छेहर्टा)-वाराणसी रेल सेवा को भी झंडी दिखाएंगे, जिससे भारत के दो सबसे प्रतिष्ठित आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।

उन्होंने पंजाब में सड़क अवसंरचना को और मजबूत करने के लिए 3,070 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखी।

श्री मोदी ने चार लेन वाले नये दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे के 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का उद्घाटन किया। एक्सप्रेस-वे का यह हिस्सा विशेष रूप से भारी वाहनों के लिए सुगम और तेज यात्रा की सुविधा प्रदान करेगा, साथ ही ईंधन की खपत और वाहन संचालन की लागत को भी कम करेगा।

उन्होंने 25.2 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले ग्रीनफील्ड दक्षिणी लुधियाना बाईपास के विकास की भी आधारशिला रखी। इस परियोजना से लुधियाना और बठिंडा के बीच यात्रा की दूरी कम होगी और समय बचेगा, साथ ही अन्य प्रमुख आर्थिक केंद्रों से भी बेहतर संपर्क स्थापित होगा।

 

 

Next Post

बिना अनुमति के संचालित दो क्लिनिक को किया सील

Fri Jul 17 , 2026
छिंदवाडा। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तामिया के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने झोलाछाप एवं कथित बंगाली डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने ग्राम तामिया, बिजौरी और पांडुपिपरिया में संचालित अवैध क्लिनिकों पर […]

You May Like