बिना अनुमति के संचालित दो क्लिनिक को किया सील

छिंदवाडा। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तामिया के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने झोलाछाप एवं कथित बंगाली डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने ग्राम तामिया, बिजौरी और पांडुपिपरिया में संचालित अवैध क्लिनिकों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए दो क्लिनिकों को सील कर दिया तथा अन्य संचालकों को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार तामिया क्षेत्र में बिना वैध अनुमति और आवश्यक योग्यता के मरीजों का उपचार किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बिजौरी-पांडुपिपरिया क्षेत्र में अवैध रूप से क्लिनिक संचालित कर रहे निर्मल राय तथा तामिया में क्लिनिक चला रहे महानंद बागची के क्लिनिक सील किए गए। वहीं अन्य दो कथित बंगाली डॉक्टरों के खिलाफ भी जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

इस अभियान में तामिया के नायब तहसीलदार आशुतोष रामटेके, थाना प्रभारी आशीष जैतवार, स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम सुशील कुमार सूर्यवंशी, बीसीएम ज्ञानदास मिनोटे, धीरज डोंगरे, लेखाराम उइके तथा विजय नरवरे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

जिले में अब भी सैकड़ों अवैध क्लिनिक संचालित

बताया जाता है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कथित बंगाली डॉक्टर बिना मान्यता और आवश्यक डिग्री के क्लिनिक संचालित कर मरीजों का इलाज कर रहे हैं। ऐसे मामलों में मरीजों की जान जोखिम में पड़ने की शिकायतें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई अक्सर सीमित स्तर तक ही रह जाती है, जिससे अवैध क्लिनिकों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाता। हालांकि तामिया में की गई इस कार्रवाई को स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध चिकित्सा प्रैक्टिस के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Next Post

3 चोरी की मोटरसाइकिल और लैपटॉप बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

Fri Jul 17 , 2026
छिंदवाड़ा। थाना मोहखेड़ अंतर्गत चैकी उमरानाला पुलिस ने चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन चोरी की मोटरसाइकिल एवं एक डेल कंपनी का लैपटॉप बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है। जानकारी […]

You May Like