श्योपुर: ढोढर थाना क्षेत्र के ग्राम माधो का डेरा में सुबह एक निर्माणाधीन मकान की छत की शटरिंग डालते समय बड़ा हादसा हो गया। मकान के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन मजदूरों के संपर्क में आ गई, जिससे दोनों को जोरदार करंट लगा। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक आदिवासी हितग्राही का मकान बन रहा था। सुबह गांव के ही मजदूर राकेश बैरवा (30) पुत्र श्योजीराम बैरवा और रमेश प्रजापति छत की शटरिंग डाल रहे थे। इसी दौरान लोहे का सरिया ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन से टच हो गया। बिजली लाइन से करंट पूरे लोहे के जाल में फैल गया, जिससे दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली लाइन बंद कराई और दोनों को झुलसी हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद राकेश बैरवा को मृत घोषित कर दिया, जबकि रमेश का उपचार जारी है।
