
भोपाल। बीएचईएल लेडीज़ क्लब द्वारा हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ प्री-होली उत्सव का आयोजन किया गया। सदस्यों ने फूलों की होली खेलकर आपसी स्नेह और उत्सव की भावना का संदेश दिया। रंग-बिरंगे फूलों और पारंपरिक परिधानों से सजा परिसर आकर्षक और आनंदमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मनमोहक श्रृंखला ने समां बांध दिया। हास्य से भरपूर कवि सम्मेलन ने उपस्थित सदस्यों को खूब गुदगुदाया, वहीं पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति और उत्सव की उमंग को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों के उत्साह और ऊर्जा ने समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि रोजी उपाध्याय ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और सभी सदस्यों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में ऐसे आयोजनों को आपसी सौहार्द, सहयोग और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने वाला बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन क्लब की उपाध्यक्ष योगिता बघेल और ज्योति शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उपाध्यक्ष अनुजा मजुमदार, प्रीति अग्रवाल, ललिता चटर्जी तथा सचिव मनीषा शर्मा, वीना बरनवाल और रितु आर्या सहित सभी सदस्यों के सहयोग से आयोजन अत्यंत सफल रहा।
यह प्री-होली उत्सव उत्साह, परंपरा और एकता का प्रतीक बनकर उभरा।
