
इटारसी। भारतीय रेल ने बड़ी सौगात दी है। एरोड–जोगबनी–एरोड के बीच चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस (16601/16602) का संचालन 25 सितंबर से नियमित रूप से शुरू होगा। यह ट्रेन इटारसी समेत प्रदेश के 9 स्टेशनों पर ठहरेगी।
नई अमृत भारत एक्सप्रेस एरोड से जोगबनी (बिहार) तक चलेगी। इसके मार्ग में मप्र के प्रमुख स्टेशनों में बैतूल, घोड़ाडोंगरी, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, जबलपुर, कटनी, मैहर और सतना शामिल हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश की यात्रा करने वाले यात्रियों को इस ट्रेन से सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह ट्रेन नागपुर और कोयलांचल के आसपास के यात्रियों के लिए लंबी दूरी की यात्रा को आसान बनाएगी। खासकर बिहार और यूपी जाने वालों को तेज और आरामदायक विकल्प उपलब्ध होगा।
समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन 16601 (एरोड–जोगबनी) 25 सितंबर को सुबह 08:10 बजे एरोड से रवाना होकर 27 सितंबर शाम 07:00 बजे जोगबनी पहुंचेगी। नागपुर मंडल से गुजरते हुए यह ट्रेन बल्लारशाह, चंद्रपुर, सेवाग्राम, नागपुर, बैतूल और घोड़ाडोंगरी में ठहरेगी। नई ट्रेन के शुरू होने से मध्यप्रदेश और बिहार के बीच रेल संपर्क और भी मजबूत होगा।
