सीएम हेल्पलाइन निराकरण में सिंगरौली को प्राप्त हुआ तीसरा स्थान

सिंगरौली:मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज आमजन की शिकायतों के त्वरित, संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में सिंगरौली जिले ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में विभागीय अधिकारियों की निरंतर मॉनिटरिंग, समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के परिणामस्वरूप 21 सितम्बर 2026 को जारी प्रदेश स्तरीय विभागीय रैंकिंग में सिंगरौली जिले को ग्रुप रैंकिंग में मिला तीसरा स्थान तथा प्रदेश रैंकिंग में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। जिले को सर्वोच्च ‘ए’ ग्रेड प्रदान किया गया है।

जिले के तीन विभागों ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने 96.20 वेटेज स्कोर के साथ, जबकि परिवहन विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग ने 100-100 वेटेज स्कोर के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। तीनों विभागों को ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है।

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में जिले के अन्य विभागों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश में चौथा स्थान, राजस्व विभाग एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग ने छठा स्थान, खनिज साधन विभाग एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने आठवां स्थान तथा गृह विभाग, जनजातीय कार्य विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया है। इस प्रकार जिले के 11 विभागों ने समान रैंक सहित प्रदेश की टॉप-10 रैंकिंग में स्थान बनाया है।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसी तत्परता, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा यह प्रयास रहे कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्या का समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्ण समाधान हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निराकरण केवल आंकड़ों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Next Post

होंडा ने क्यूसी3, सीबी500, नये सीबी350 की कीमतों का किया ऐलान

Tue Sep 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने मंगलवार को क्यूसी3, सीबी500 और नये सीबी350 रेंज की कीमतों की घोषणा की। होंडा क्यूसी3 की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1.35 लाख रुपये रखी गई है। यह फिलहाल दिल्ली के अलावा आगरा, कटक, सूरत और कोल्लम में चुनिंदा […]

You May Like