जबलपुर: मध्य प्रदेश पटवारी संघ, जिला शाखा जबलपुर द्वारा गुरुवार को पटवारियों पर हो रही कथित अनैतिक एवं एकपक्षीय कार्यवाहियों के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। जिले भर के पटवारी दोपहर लगभग 12 बजे से एकत्र होकर धरने पर बैठे और अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने कलेक्टर से भेंट कर ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया, लेकिन मुलाकात संभव नहीं हो सकी। इस दौरान अधिकारियों द्वारा परिसर खाली कराने का दबाव भी बनाया गया। लगभग चार घंटे प्रतीक्षा के बाद भी जब कलेक्टर से भेंट नहीं हो सकी, तो शाम करीब 4 बजे पटवारियों ने अपना ज्ञापन कलेक्टर कक्ष के समक्ष चस्पा कर विरोध दर्ज कराया।
भीषण गर्मी में डटे रहे पटवारी, बिगड़ी तबीयत
तेज धूप और अधिक तापमान के बीच कई पटवारियों की तबीयत बिगड़ने लगी, इसके बावजूद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों पर अडिग रहे और विरोध जारी रखा। पटवारी संघ ने स्पष्ट किया कि यदि कथित अनैतिक कार्यवाहियों को वापस नहीं लिया गया तो आगामी 7 दिनों के बाद उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जागेंद्र पिपरी, कार्यकारी अध्यक्ष मुक्ता चौकसे सहित नरेश दुबे, अमित कुररिया, कपिल तिवारी, पंकज पाठक, प्रभात परोहा, राजेश मेहरा, विनय, अंकित विश्वकर्मा, पुष्पेंद्र अहिरवार, मुकेश मिश्रा, गायत्री आर्मो, आकांक्षा, राजुल जैन सहित जिले के समस्त पटवारी उपस्थित रहे।
