कलेक्टर पहुंचे खरीदी केंद्र, लिया व्यवस्थाओं का जायजा

जबलपुर:कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शहपुरा के समीप खिरकाखेड़ा स्थित वर्धमान वेयरहाउस में संचालित गेहूं खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गेहूं की गुणवत्ता की जांच स्वयं की। उन्होंने मॉइस्चर मीटर से नमी का मापन किया और तौल कांटे पर बोरियों का वजन भी जांचा। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहनी चाहिए।
वर्षा से गेहूं की सुरक्षा के इंतजाम करने दिए निर्देश
बदलते मौसम और संभावित वर्षा को देखते हुए कलेक्टर ने गेहूं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी के तुरंत बाद गेहूं को सुरक्षित स्थानों पर स्टैकिंग की जाए, ताकि बारिश से नुकसान न हो। साथ ही, केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण गेहूं ही खरीदा जाए। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुकुंद बायोटेक का किया निरीक्षण
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने भेड़ाघाट के पास मजीठा गांव स्थित मुकुंद बायोटेक का निरीक्षण किया। यहां भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद और उष्णकटिबंधीय वन अनुसंधान संस्थान के सहयोग से विभिन्न प्रकार के पौधे तैयार किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उत्पादन प्रक्रिया और पौधों की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने वहां संचालित कार्य पद्धतियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

Next Post

रिश्तेदारों के खातों में भेजे पैसे, एक सरपंच को हटाया, दूसरे पर केस दर्ज

Fri May 1 , 2026
जबलपुर: जिले की जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत टिकुरी और दर्शनी में पंचायत निधि के दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक सरपंच को पद से हटा दिया है तो वहीं दूसरे सरपंच पर केस दर्ज हो गया है। जांच में यह […]

You May Like

मनोरंजन