झूलते बिजली के तार ने ली युवक की जान, ग्रामीणों में आक्रोश, जन्माष्टमी पर घंघरी खुर्द में मातम

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम घंघरी खुर्द में शुक्रवार (4 सितंबर) को एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय युवक की बिजली का तार गिरने से मौत हो गई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन हुई इस घटना से जहां गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं विद्युत विभाग की घोर लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

घर पहुंचते ही टूटकर गिरा हाईटेंशन तार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम घंघरी खुर्द निवासी सुंदर पटेल (40), पिता बाला पटेल, शुक्रवार को अपनी बाइक से घर पहुंचे थे। वे जैसे ही बाइक से उतरे, मकान के ऊपर से गुजर रहा विद्युत तार अचानक टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरा। करंट की तेज चपेट में आने से सुंदर पटेल गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पूर्व में भी हो चुकी हैं घटनाएं, शिकायतें बेअसर

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी लटकते तारों की चपेट में आने से एक भैंस और एक बकरी की मौत हो चुकी है।

लापरवाही पर उठे सवाल

ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि विभाग समय रहते लटकते असुरक्षित तारों को व्यवस्थित कर देता, तो सुंदर पटेल की जान बचाई जा सकती थी। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर हुई इस असमय मौत से मृतक के परिजन सदमे में हैं और पूरा गांव बिजली विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Next Post

'कैप्टन इंडिया' की शूटिंग शुरू करने लंदन पहुंचे कार्तिक आर्यन, साझा की शूटिंग प्रारूप की पहली झलक

Sat Sep 5 , 2026
मुंबई, 05 सितंबर (वार्ता)बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग शुरू करने के लिए लंदन पहुंच गये हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी लंदन यात्रा की तस्वीर साझा करते हुए फिल्म के शूटिंग प्रारूप की पहली झलक भी दिखाई है।कार्तिक द्वारा साझा की गयी तस्वीर […]

You May Like