जबलपुर:रांझी थाना अंतर्गत शांति नगर में एक शातिर मां-बेटे ने एक ही मकान का सौदा कई लोगों से लाखों रुपये हड़प लिए। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने बताया कि शांति नगर व्हीकल मोड़ निवासी श्रीमती सीता चौधरी (37) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 31 मई 2025 को मीनाक्षी सेन और उसके बेटे अनूप सेन से उनके शांति नगर स्थित 300 वर्गफुट के मकान का सौदा किया था। 2 कमरे और हॉल वाले इस मकान के लिए सीता चौधरी ने 3 लाख 75 हजार रुपये की पूरी राशि का भुगतान कर दिया और गवाहों की मौजूदगी में बकायदा अनुबंध पत्र भी तैयार करवाया।
कब्जा देने के बजाय बदला रिकॉर्ड-
रुपये ऐंठने के बाद जब सीता चौधरी ने मकान के कब्जे की मांग की, तो मीनाक्षी और उसके बेटे ने टालमटोल शुरू कर दी। जांच के दौरान पीडि़ता को पता चला कि आरोपियों ने उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए मकान का कब्जा देने के बजाय, शातिराना तरीके से नगर निगम के रिकॉर्ड में वह मकान अनूप सेन के नाम दर्ज करवा दिया।
कई और लोग भी हुए शिकार
हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने इस मकान को केवल सीता चौधरी को ही नहीं, बल्कि दो अन्य लोगों को भी बेच चुका है। आरोपित मकान का सौदा कर लोगों से रुपये हड़प लेते थें और आपराधिक प्रवृत्ति का होने के कारण कब्जा मांगने वालों को डराते-धमकाते हैं। पुलिस ने शिकायत की जांच जिसमें पाया कि मीनाक्षी सेन, बबलू सेन और अनूप सेन ने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी को अंजाम दिया है।
