सीहोर। सूर्यवंशी समाज द्वारा इस बार भी फाग उत्सव का आयोजन किया गया. फाग में पूर्व नपाध्यक्ष राकेश राय शामिल हुए उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दी.
इस अवसर पर समाजजनों ने पारंपरिक फाग गायन और रंगोत्सव के माध्यम से होली का उल्लास मनाया. पूरे क्षेत्र में रंग, गुलाल और लोकगीतों का उत्सवी माहौल नजर आया. श्री राय ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी सूर्यवंशी समाज अपनी पुरानी और समृद्ध परंपराओं को जीवित रखे हुए है, जो सराहनीय है. हमारी सांस्कृतिक पहचान हमारे त्योहारों और लोक परंपराओं से ही बनी रहती है.
सूर्यवंशी अहिरवार समाज द्वारा होली उत्सव पांच दिनों तक मनाया जाता है. फाग गायन की मंडलियां रंग पंचमी तक लोकगीत प्रस्तुत करती हैं. लोकगीतों में रामायण, महाभारत, देवी-देवताओं और पारंपरिक होली गीतों का समावेश रहता है. समाज के बुजुर्गों ने बताया कि होली पर सबसे पहले शोक संतृप्त परिवारों के घर जाकर रंग डालने की परंपरा निभाई जाती है, ताकि वे भी उत्सव में शामिल हो सकें. इसके बाद सभी एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई देते हैं.
