इंदौर: वनमंडल इंदौर में रविवार को संपन्न हुई तीन दिवसीय गिद्ध गणना के अंतिम आंकड़ों में कुल 156 गिद्ध दर्ज किए गए हैं. खास बात यह रही कि इनमें 155 इजिप्शियन प्रजाति के गिद्ध पाए गए, जबकि एक चमर (लॉन्ग-बिल्ड) प्रजाति का गिद्ध भी चिन्हित किया गया है.डीएफओ लाल सुधाकर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह आंकड़ा क्षेत्र में गिद्धों की स्थिर उपस्थिति का संकेत है. 20 फरवरी से प्रारंभ तीन दिवसीय गणना अभियान के तहत वनमंडल की सभी बीटों में समन्वित सर्वे कराया गया था.
निर्धारित स्थलों पर वन अमले ने सुबह के समय गिद्धों की गतिविधियों का अवलोकन कर संख्या दर्ज की. डीएफओ के अनुसार इंदौर रेंज में 9, महू में 3, मानपुर में 6 और चोरल क्षेत्र में सर्वाधिक 138 गिद्ध पाए गए. इस प्रकार कुल संख्या 156 रही. चोरल क्षेत्र गिद्धों के लिए प्रमुख आवास के रूप में उभरकर सामने आया है, जहां बड़ी संख्या में इनकी मौजूदगी दर्ज की गई. डीएफओ ने यह भी बताया कि इजिप्शियन गिद्धों की अधिक संख्या सकारात्मक संकेत है, वहीं चमर प्रजाति का गिद्ध मिलना जैव विविधता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. गणना के आंकड़ों का विश्लेषण कर आगे संरक्षण रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि गिद्धों के सुरक्षित आवास और संरक्षण को और मजबूत किया जा सके.
