सिंहस्थ के लिए नागरिकों ने खुद शुरू की सड़क चौड़ीकरण की राह आसान

उज्जैन: महाकुंभ के अंतर्गत सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए शहर में प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण का कार्य तेज गति से जारी है. उसी के अंतर्गत धाबा रोड की ये वही मुख्य सड़क हैं जिनसे होकर श्रद्धालु नदी और महाकाल क्षेत्र, व संतों के पढ़ाव स्थल की ओर जाएंगे. ये मार्ग चौड़ा होने से कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओ को काफी सुगमता होगी.रविवार से मेला क्षेत्र को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से छत्रीचौक पानी की टंकी से ढाबा रोड होते हुए सत्यनारायण मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण का काम प्रारंभ कर दिया गया है. यहां चौड़ीकरण किए जाने की बहुत पुरानी मांग है,जो अब पूरी हो रही है.
अपने हाथों से तोड़ रहे आशियाने
सबसे खास बात यह है कि चिन्हित हिस्सों को हटाने में भवन स्वामी स्वयं आगे आ रहे हैं. लोग अपने आशियाने का हिस्सा अपने हाथों से तोड़ रहे हैं ताकि बड़े नुकसान से बचा जा सके और शहर विकास में योगदान दे सकें. यह जज्बा शहर के प्रति जिम्मेदारी और सहयोग की मिसाल माना जा रहा है.
आयुक्त ने किया अवलोकन
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि कार्य में तेजी लाई जाए और आवश्यकता पड़ने पर रात्रि में भी काम किया जाए. जहां तोड़ाई का कार्य हो रहा है, वहां से तत्काल मलबा हटाने, नालियों की नियमित सफाई करने, पानी के लीकेज पर नियंत्रण रखने और प्रकाश व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं. सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग कर कार्य किया जा रहा है तथा नागरिकों से अपील की गई है कि ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें.
कंठाल से सतीगेट
इसी क्रम में कंठाल चौराहा से सतीगेट तक सीवर लाइन का कार्य भी प्रारंभ किया गया है. यह क्षेत्र व्यावसायिक होने के कारण अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो.
नागरिकों का सहयोग
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ 2028 को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सड़क, सीवर और आधारभूत संरचना के कार्य समयसीमा में पूरे किए जाएंगे. शहर के नागरिकों के सहयोग से विकास कार्यों को नई गति मिल रही है, जो आने वाले महाकुंभ के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
सवारी इसी मार्ग से निकलती है
महाकाल बाबा की सवारी भी इसी मार्ग से निकलती है, ऐसे में कार्तिक मास सावन मास और अन्य त्योहार पर्वों पर यहां पर श्रद्धालुओं का बड़ा सैलाब उमड़ता है, साधु संतों की पेशवाई और अनेक यात्राएं एवं धार्मिक कार्यक्रमों की भीड़ भी यही से निकलती है, खास बात यह है कि मोक्षदायनी मां शिप्रा के साथ ही हरसिद्धि ,मंदिर महाकाल मंदिर और साधु संतों के आश्रमों पर जाने का भी यही एक मात्र रास्ता है।

Next Post

महापौर ने किया सीसी रोड का भूमिपूजन

Mon Feb 23 , 2026
सतना:महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने,वार्ड क्र. 18 में 21.06 लाख की लागत से बनने वाली सी.सी. रोड के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।इस अवसर पर महापौर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सड़क का निर्माण कार्य क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा […]

You May Like