अम्ब्रेला ऑर्गेनाइजेशन छोटे कस्बों तक विकास पहुंचाने का बनेगा माध्यम : अमित शाह

नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि शहरी सहकारी बैंकों का अम्ब्रेला ऑर्गेनाइजेशन देश के छोटे से छोटे कस्बे तक विकास और समृद्धि पहुंचाने का माध्यम बनेगा तथा इससे ‘सहकार से समृद्धि’ अभियान को नई गति मिलेगी।

शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को समृद्ध और प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए हर भारतीय को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल पूंजी बाजार के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक समृद्धि नहीं पहुंचाई जा सकती, इसके लिए स्वरोजगार की मजबूत व्यवस्था आवश्यक है। शहरी सहकारी बैंक छोटे व्यापारियों, उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को वित्तीय सहायता देकर इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार के लिए शहरी सहकारी बैंकों की समृद्धि का अर्थ केवल बैंकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना नहीं, बल्कि उनके ग्राहकों को भी समृद्ध बनाना है। बैंक और ग्राहक दोनों की समृद्धि ही ‘सहकार से समृद्धि’ की वास्तविक भावना है।

शाह ने कहा कि अम्ब्रेला ऑर्गेनाइजेशन इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए तेजी से काम कर रहा है और आने वाले समय में इसकी गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। महाराष्ट्र में सुविधाजनक स्थान पर संगठन का मुख्यालय स्थापित होने से इसकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और शहरी सहकारी बैंकों को बेहतर सहयोग मिलेगा।

उन्होंने संगठन की स्थापना में योगदान देने वाले देशभर के शहरी सहकारी बैंकों के अध्यक्षों और निदेशक मंडलों के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ‘Operational Risk Management – A Practical Guide to Urban Co-operative Banks’ और भारत में सहकारी बैंकिंग की ऐतिहासिक यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल पुस्तक का लोकार्पण किया गया। साथ ही ‘सहकार CBS’ से सफलतापूर्वक जुड़ने वाले पहले छह शहरी सहकारी बैंकों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

 

 

Next Post

समय-सीमा की बैठक में कड़े रुख में दिखे निगम आयुक्त : अमृत 2.0 योजना में जियो मिलर कंपनी को नोटिस जारी करने के दिये निर्देश

Sat Aug 8 , 2026
छिंदवाड़ा। नगर निगम सीमा क्षेत्रान्तर्गत विकास कार्यों की प्रगति, हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को निगम सभागार कक्ष में नगर निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय की अध्यक्षता में ‘समय-सीमा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट […]

You May Like