
मंडला।कान्हा टायगर रिजर्व में 31 अगस्त से 6 सितम्बर तक आयोजित हाथी रिजुविनेशन केम्प का समापन शनिवार को औरई मैदान, मुक्की परिक्षेत्र में हुआ। इस वार्षिक शिविर का उद्देश्य विभागीय हाथियों के स्वास्थ्य परीक्षण और रख-रखाव को सुनिश्चित करना रहा।
कैम्प का उद्घाटन 31 अगस्त को क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी (भा.व.से.) ने पारंपरिक विधि से हाथियों का सम्मान कर किया। इस दौरान 17 विभागीय हाथियों की विशेष देखभाल की गई। उन्हें अतिरिक्त पोषण आहार जैसे केला, मक्का, नारियल, पपीता, अनानास, गुड़ आदि खिलाए गए। साथ ही स्नान, नीम व अरण्डी तेल से मालिश, नाखूनों की ड्रेसिंग और दांतों की आवश्यक कटाई भी की गई।
महावत और चाराकटर न केवल हाथियों की सेवा में जुटे रहे बल्कि इस दौरान उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। हाथियों के रक्त के नमूने जांच हेतु भेजे गए तथा परजीवी निवारण हेतु दवाएं दी गईं।
ऐसे शिविर हाथियों में नई ऊर्जा का संचार करने के साथ ही उन्हें मानसिक विश्राम और सामाजिक मेलजोल का अवसर प्रदान करते हैं।
