
ग्वालियर। एमआईटीएस दिवस के अवसर पर माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान में प्रतिष्ठित मेरिटोक्रेसी अवॉर्ड्स समारोह 2026 का आयोजन किया गया। संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी चौ.मुकेश मौर्य ने बताया कि यह दिवस संस्थान के संस्थापक स्व. माधव राव सिंधिया की जयंती के रूप में मनाया जाता है। फैकल्टी एवं स्टाफ द्वारा प्रशासनिक दक्षता, शोध योगदान, शैक्षणिक नवाचार, छात्रों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी प्रतियोगिताओं में उपलब्धियाँ, तथा एमआईटीएस के लिए विकसित सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर परियोजनाओं के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। नकद पुरस्कार भी वितरित किए गए।
प्रो-वाइस चांसलर डॉ. मंजरी पंडित ने बताया कि इस वर्ष 250 से अधिक छात्रों और 100 से अधिक फैकल्टी सदस्यों को सम्मानित किया गया। फैकल्टी के लिए 14 पुरस्कार श्रेणियाँ तथा छात्रों के लिए 12 पुरस्कार श्रेणियाँ निर्धारित की गई थीं, जिनके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया।
वहीं कुलपति डॉ. आर. के. पंडित ने बताया कि इस वर्ष संस्थान में पहली बार विशेष पुरस्कारों की शुरुआत की गई है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशांत मेहता, डायरेक्टर जनरल, एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन, भोपाल तथा विशिष्ट अतिथि रमेश अग्रवाल, सचिव, सिंधिया इंजीनियरिंग कॉलेज सोसाइटी की उपस्थित थे। अतिथियों ने निरंतर उत्कृष्टता की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से एलुमिनी पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।
