
पिपलियामण्डी। खात्याखेड़ी मार्ग पर श्मशान के समीप खात्याखेड़ी निवासी पंकज (40) पिता नंदराम सैनी पर अचानक 10-15 कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों भंवरलाल सैनी व नंदराम सैनी ने बताया कि झुंड में शामिल सभी कुत्ते एक साथ घायल पर टूट पड़े। इस दौरान एक कुत्ते ने उनके पैर पकड़कर घसीटना भी शुरू कर दिया था। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए पत्थर फेंके और जोर-जोर से चिल्लाए, जिसके बाद कुत्ते भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल पंकज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलियामंडी पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें मंदसौर रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पहले यह मवेशियों को नुकसान पहुँचाते थे, लेकिन अब इंसानों पर भी हमला करने लगे हैं। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर हादसे हो सकते हैं।
