इंदौर: गांधी नगर इलाके में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर जीवन समाप्त करने की घटना सामने आई है. मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरु की.गांधी नगर थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि 40 वर्षीय मृतक पप्पू पिता उमराव सिंह है, वह अपने बच्चों के साथ घर में रह रहा था. घटना की जानकारी तब हुई जब बच्चे कमरे में पहुंचे और पिता को फंदे पर लटका देखा. शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ समय पहले पप्पू की अपनी पत्नी ज्योति से मोबाइल पर बातचीत हुई थी. दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. बातचीत के दौरान पत्नी ने साथ रहने से मना करते हुए दूसरी शादी की इच्छा जताई थी. इसके बाद वह मानसिक रूप से व्यथित होकर कमरे में चला गया और आत्मघाती कदम उठा लिया.
मृतक के पिता उमराव सिंह के अनुसार बेटे के मोबाइल फोन में अंतिम बातचीत का ऑडियो सुरक्षित मिला है. पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और रिकॉर्डिंग की सत्यता की जांच कराई जा रही है, ताकि परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें. बताया गया है कि करीब दो वर्ष पहले दांपत्य विवाद के चलते पत्नी अलग रहने लगी थी और दोनों बच्चों की जिम्मेदारी पप्पू पर थी. वह मूल रूप से बड़वानी जिले का निवासी था और इंदौर में रहकर हेम्माली का कार्य कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और मोबाइल डेटा के विश्लेषण के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
