नयी दिल्ली, (वार्ता) खेलो इंडिया पैरा गेम्स के दूसरे संस्करण के चौथे दिन रविवार को निशानेबाजी में सुमेधा पाठक ने रुबीना फ्रांसिस को, तीरंदाजी में शीतल देवी ने ओडिशा की पायल नाग को हराया तथा पंजाब की पावरलिफ्टर जसप्रीत कौर ने राष्ट्रीय रिकार्ड को तोड़ते हुए सुर्खियाँ बटोरीं।
जसप्रीत केआईजीपी 2025 में नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने वाली पहली एथलीट बनीं। 45 किलोग्राम वर्ग में इस 31 वर्षीय खिलाड़ी ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम परिसर में 101 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
पदक तालिका में तमिलनाडु 22 स्वर्ण के साथ शीर्ष पर बना हुआ था। हरियाणा 18 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है जबकि उत्तर प्रदेश और राजस्थान 13-13 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
जसप्रीत ने खेलो इंडिया गेम्स 2025 में नया बेंचमार्क स्थापित करते हुए 100 किग्रा का अपना ही नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने दिसंबर 2023 में इसी स्पर्धा में 85 किग्रा का सबसे भारी वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था।
उन्होंने साई मीडिया से कहा, “मैं इस बार और भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहती थी। नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने से मुझे राष्ट्रीय रैंकिंग में ऊपर चढ़ने में भी मदद मिली है।”
उन्होंने कहा, “मैंने 2022 में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शुरुआत की। इसलिए, मुझे हमेशा लगा कि मैं खेल के लिए काफी नई हूँ। मुझे यह महसूस करने में थोड़ा समय लगा कि ताकत और मांसपेशियों को विकसित करने में समय लगेगा। यह रातोंरात नहीं होता है। मुझे ऐसा प्रदर्शन करने में तीन साल लग गए।”
जेएलएन स्टेडियम के दूसरी ओर तीरंदाजी स्पर्धा में स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने ओडिशा की प्रतिद्वंद्वी पायल नाग को हराकर करीबी मुकाबले में कंपाउंड महिला ओपन वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र के 44 वर्षीय पैरा तीरंदाज आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी (जिन्होंने दिसंबर 2023 में खेलो इंडिया पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था) ने एक बार फिर अपनी उम्र को धता बताते हुए डब्ल्यू1 राउंड पुरुष स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
फरीदाबाद के कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में उत्तर प्रदेश की सुमेधा पाठक ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 श्रेणी में बड़ा उलटफेर करते हुए 2024 पैरालिंपिक पदक विजेता और टूर्नामेंट की पसंदीदा रुबीना फ्रांसिस को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
