भिंड: शहर के बीटीआई रोड स्थित संतोष नगर में रहने वाले किन्नर समाज के बीच वर्चस्व की जंग अब एसपी ऑफिस तक पहुंच गई है। कोमल किन्नर अपने दो साथियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की धमकी दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कोमल को रोका और शांत कराया।किन्नर कोमल ने बताया कि कुछ किन्नर, जिनमें सिकंदर किन्नर और उसके साथी शामिल हैं, लगातार उसे झूठे मामलों में फंसा रहे हैं और पुलिस की मिलीभगत से प्रताड़ित कर रहे हैं। उसने कहा कि वे लोग उसे और उसके परिवार को शहर छोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं।
कोमल का कहना है कि हमारा जन्म भिंड में हुआ है और हम यहीं रहेंगे। हमें धमकाया जा रहा है कि अगर हमने बधाई मांगने का काम जारी रखा तो झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवा दिया जाएगा। कोमल ने बताया कि हाल ही में सिकंदर किन्नर ने उसके खिलाफ फायरिंग और धमकी जैसे आरोप लगाकर थाना सिटी कोतवाली में आवेदन दिया है। जबकि वह उस दिन अन्य काम में व्यस्त थी और उसका इस घटना से कोई संबंध नहीं था। उसने आरोप लगाया कि आरोपीगण कई नाबालिगों को बहला-फुसलाकर किन्नर बना रहे हैं और शहर में अवैध रूप से मांगलिक कार्यक्रमों में बधाई मांग रहे हैं।
कोतवाली टीआई बृजेन्द्र सेंगर ने बताया कि सिकंदर और कोमल किन्नर के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा है। कुछ दिन पहले सिकंदर किन्नर के घर पर अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग की थी, जिसमें कोमल किन्नर और उनके साथियों पर शक जताया गया था। अब कोमल किन्नर की ओर से पेट्रोल डालने की घटना को लेकर शिकायत दी गई है। टीआई ने कहा कि इस मामले की जानकारी उन्हें नहीं थी, लेकिन दोनों पक्षों की जांच कराई जा रही है।
