हरदा, 21 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश में हरदा जिले की टिमरनी तहसील मुख्यालय पर पुलिस ने उत्तरप्रदेश के छह लोगों को डकैती की योजना बनाते हथियारों सहित पकड़ा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कल रात मुखबिर से सूचना मिली कि टिमरनी तहसील मुख्यालय पर स्थित राधा स्वामी सतसंग आश्रम के पास खेत में छह लोग संदिग्ध हालत में हथियार लिये बैठे हैं, जिनके इरादे नेक नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके के लिए रवाना हुआ। जहाँ यह सभी शातिर बदमाश एक नजदीकी पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बना रहे थे। तभी पुलिस ने इन बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के निवासी हैं। आरोपियों में हरिशंकर अहेरिया (33) निवासी रोहना मिर्जापुर थाना अबागढ जिला ऐटा, कोमल सिह अहेरिया (44) निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना हाथरस जंक्शन जिला हाथरस, मुकेश अहेरिया (30) निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना हाथरस जंक्शन जिला हाथरस, श्रीवेश सिंह अहेरिया (19) निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना हाथरस जंक्शन जिला हाथरस, गौरव शर्मा (24) निवासी ग्राम एडन थाना हाथरस जंक्शन जिला हाथरस उत्तरप्रदेश और राजपाल अहेरिया (35) निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना हाथरस जंक्शन जिला हाथरस बताए गए हैं।
आरोपियों के पास एक देशी पिस्तौल जिंदा कारतूस सहित लोहे की राड और धारदार हथियार बरामद हुए हैं। आरोपियों के कपडे के बैग से सोने चांदी के जेवर और 50 हजार रूपये की नगद राशि मिली है। आरोपी श्रीवेश द्वारा साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया है। इसके साथ ही आरोपी हरीशंकर, कोमल सिंह, मुकेश, राजपाल द्वारा 10-12 दिन पूर्व हरदा बस स्टैंड से कमताडा को जाने वाले बस में रखे बैग से सोने चांदी के जेवरात चोरी करने की बात बताई गई है। आरोपियाें के विरूद्ध थाना टिमरनी में अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। इस मामले की विवेचना की जा रही है।

