मुंबई, 25 जुलाई (वार्ता) शिवसेना (यूबीटी) के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने शनिवार को संकेत दिया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नया शिक्षा मंत्री बनने की संभावना बढ़ गई है।
उन्होंने कहा, ” श्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद श्री फडणवीस को अगला शिक्षा मंत्री बनने का मौका मिल सकता है। फडणवीस बहुत पढ़े-लिखे हैं और वकील हैं। वे कई विषयों पर विद्वतापूर्ण प्रस्तुतियां भी देते हैं। उनके केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर काफी चर्चा रही है। इसलिए संयोग से या उनकी बदकिस्मती से, केंद्र में उन्हें इस बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।”
श्री राउत ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डर था कि छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ सकता है, इसलिए उन्होंने श्री प्रधान से इस्तीफा दिलवाया। श्री राउत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, “श्री फडणवीस के राजनीतिक आका दिल्ली में बैठते हैं। इसलिए उन्हें दिल्ली जाना होगा और आदेशों का पालन करना होगा। एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार और देवेंद्र फडणवीस पर शासन करने वाले ‘निजाम’ दिल्ली में बैठते हैं और इन ‘रजाकारों’ को उनके आदेशों का पालन करने के लिए दिल्ली जाना पड़ता है।”
श्री राउत ने कहा कि भाजपा ने आरोप लगाया था कि छात्र विरोध-प्रदर्शन को विदेशों से धन मिला था और भाजपा सरकार इस आंदोलन को कुचलने के लिए दृढ़ थी।
श्री राउत ने कहा, “12 साल बाद देश में ऐसा ऐतिहासिक आंदोलन उभरा और इसके असर से मोदी सरकार के पहले मंत्री को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा। आज के युवाओं ने देश के मरते हुए लोकतंत्र में नयी जान फूंक दी है।”
