राजगीर, 31 अगस्त (वार्ता) कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोलों की बदौलत भारतीय हॉकी टीम ने रविवार को जापान को हराकर हीरो एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
आज यहां राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने जापान को 3-2 से हराया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने महत्वपूर्ण गोल किए। प्रतियोगिता में भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पहले क्वार्टर के चौथे मिनट में मनदीप सिंह ने मैदानी गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद पांचवें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने एक और गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। तीसरे क्वार्टर के 38वें जापान के कोसेई कवाबे ने मैदानी कर स्कोर 2-1 किया। इसके बाद चौथे क्वार्टर की शुरुआत में हरमनप्रीत ने 46वें मिनट मिले पेनल्टी कार्नर का लाभ उठाते हुए गोलकर 3-1 से बढ़त कर दी। मैच के आखिरी में 59वें मिनट में जापान की ओर से कवाबे ने मैदानी गोलकर स्कोर 3-2 कर दिया। हरमनप्रीत सिंह को अंतिम मिनट में पीला कार्ड दिखाया गया। भारत के पास केवल 10 खिलाड़ी बचे थे, लेकिन उन्होंने धीमी गति से खेल जारी रखा और अपनी मामूली बढ़त को बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बना ली है।
वहीं एक अन्य मैच में चीन ने कजाकिस्तान पर 13-1 से रौंद दिया।
