
रीवा। विवाह के दिन ही युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है. घर में शादी के तैयारी चल रही थी और जैसे ही खबर पहुंची मातम छा गया. गढ़ थाना अन्तर्गत कटरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटर साइकल को ठोकर मार दी. जिसकी चपेट में दोनो युवक आ गये.
जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 3:30 बजे मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 17 एमवाई 8806 से दो युवक कटरा बाजार से अपने कपड़े प्रेस कराकर वापस गांव कलवारी लौट रहे थे. जैसे ही वे तुलसीनगर क्षेत्र में पहुँचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक यूपी 70 एचटी 6887 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटर साइकिल सवार रजनीश साकेत पिता जगदीश साकेत उम्र लगभग 22 वर्ष निवासी कलवारी सडक़ पर दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर डायल 100 की मदद से पुलिस द्वारा उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दुर्घटनाग्रस्त रजनीश की आज ही शादी थी. वह शादी की तैयारियों के तहत कटरा बाजार से कपड़े प्रेस कराकर घर लौट रहे थे. मोटर साइकिल पर रजनीश के साथ सवार उनके मित्र सुरेश साकेत पिता मोतीलाल साकेत उम्र लगभग 20 वर्ष निवासी कलवारी को भी गम्भीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया है, जहाँ उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिये गंगेव अस्पताल भेजा और ट्रक को जप्त कर लिया है. जहा शादी की खुशिया मनाई जा रही थी वहा मातम छाया हुआ है.
