बुधनी। सोशल मीडिया पर बजरंग दल के खिलाफ आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस नेता आमिर पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह कार्रवाई बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के बाद की गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता आमिर पटेल ने बुधनी की आवाज नामक सोशल मीडिया ग्रुप पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया था. आरोप है कि उन्होंने स्वयं को उठा लेने जैसी धमकी भरी टिप्पणी करते हुए बजरंग दल कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. इस मामले को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता एकजुट होकर बुधनी थाने पहुंचे और थाना प्रभारी संदीप जाट को लिखित आवेदन के साथ सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट सौंपे. कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग करते हुए इसे धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाला कृत्य बताया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता आमिर पटेल को हिरासत में लिया. पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. बजरंग दल के राहुल सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं को खुलेआम चेतावनी दी गई थी, जिससे नगर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि आमिर पटेल पूर्व में भी सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है.
