अटलपुर शिवपुरी में क्रेशर सील, विस्फोट में डॉ अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई थी

शिवपुरी: शिवपुरी जिले के बदरवास क्षेत्र के ग्राम अटलपुर में संचालित सिद्ध बाबा क्रेशर पर आखिरकर प्रशासन का शिकंजा कस गया है। तीन दिन पहले क्रेशर में हुई तेज ब्लास्टिंग के कारण जाटव बस्ती के करीब एक दर्जन मकानों में दरारें आ गई थीं, जबकि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग उठाई थी। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव, बदरवास तहसीलदार सचिन भार्गव, खनिज अधिकारी आर.एस. उईके और खनिज निरीक्षक ऋषभ दीक्षित सहित प्रशासनिक एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने सबसे पहले प्रभावित जाटव बस्ती और क्षतिग्रस्त अंबेडकर प्रतिमा का निरीक्षण किया। इसके बाद परिसर की जांच की गई।
प्रशासनिक जांच के दौरान प्रारंभिक रूप से यह सामने आया कि ब्लास्टिंग के दौरान अपनाई गई तकनीक और ड्रिलिंग प्रक्रिया में गंभीर खामियां थीं। इसी वजह से विस्फोट के बाद पत्थरों के बड़े-बड़े टुकड़े करीब 300 मीटर दूर स्थित बस्ती तक जा पहुंचे। इससे कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और अंबेडकर प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा। जांच टीम ने सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका को देखते हुए साक्ष्यों के संरक्षण और किसी भी संभावित खतरे को रोकने के उद्देश्य से सिद्ध बाबा क्रेशर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।

Next Post

नीट मुद्दे पर व्यवस्था बनाने के बजाय अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है विपक्षः सुधांशु त्रिवेदी

Thu Jul 23 , 2026
नयी दिल्ली 23 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों पर नीट पेपर लीक मामले पर व्यवस्था बनाने के बजाय अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। डॉ. त्रिवेदी गुरुवार को संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से […]

You May Like