मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता अक्षय ओबेरॉय जल्द ही इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं।
चर्चा है कि अक्षय ओबेरॉय ने हॉलीवुड की एक प्रतिष्ठित फिल्म या सीरीज़ में ऑफर मिलने के बाद अमेरिका के लिए उड़ान भरी है।न्यूजर्सी में जन्में और पले-बढ़े अक्षय का अमेरिका जाना इस बार सिर्फ परिवार से मिलने के लिए नहीं है। अक्षय से जुड़े लोगों का कहना है कि उन्होंने एक इंटरनेशनल फिल्म या सीरीज़ में अहम भूमिका के लिए ऑडिशन दिया था, और खबर है कि वह सेलेक्ट हो गए हैं।
भले ही इस प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी फिलहाल गुप्त रखी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट अक्षय के करियर के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है। अक्षय ओबेरॉय ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है, जहां उन्होंने गहरे और अनोखे किरदार निभाकर दर्शकों को प्रभावित किया है।
