
शिवपुरी। जिले की करैरा थाना पुलिस ने आज 25 पेटी देशी शराब और फोर्ड फिगो कार के साथ आरोपी गिरफ्तार किये हैं, जब्त किए गए माल की कीमत 3 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है। थाना करैरा पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि दो व्यक्ति फोर्ड फीगो कार में अवैध शराब लेकर करही से सिरसौना की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद छावई द्वारा पुलिस टीम भेजी और चेक पॉइंट लगाया गया। कुछ देर बाद कार आती दिखी। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली। कार से देशी शराब की 22 पेटी और बियर की 3 पेटी बरामद हुई। कुल 234 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये है।
कार में सवार दोनों आरोपियों की पहचान नरेश लोधी और प्रवेश लोधी के रूप में हुई। नरेश लोधी (28) राजपुर कछौआ थाना पिछोर का निवासी है। प्रवेश लोधी (36) ग्राम जराय थाना पिछोर का रहने वाला है। पुलिस ने जब उनसे शराब के वैध लाइसेंस मांगे तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
