
भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का नया टाइमटेबल जारी कर दिया है। संशोधित कार्यक्रम में कुछ प्रमुख विषयों की परीक्षा तिथियों और उनके क्रम में बदलाव किया गया है। मंडल का कहना है कि विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह परिवर्तन किए गए हैं।
नए शेड्यूल के अनुसार कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी, जबकि कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होंगी। संशोधन के तहत 10वीं हिंदी विषय की परीक्षा अब 11 फरवरी की बजाय 6 मार्च 2026 को होगी। वहीं 12वीं में हिंदी का पेपर 7 फरवरी के स्थान पर 7 मार्च को आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा उर्दू और मराठी विषयों की परीक्षा भी 9 फरवरी से बदलकर 6 मार्च कर दी गई है।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी। साथ ही स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि संशोधित टाइमटेबल की जानकारी नोटिस बोर्ड, प्रार्थना सभा और अभिभावक समूहों के माध्यम से तत्काल छात्रों तक पहुंचाई जाए। पूरा कार्यक्रम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
