चिपचिपे पानी के शिकायत की जांच 

सिंगरौली । ननि क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में अमृत नल-जल योजना के तहत सप्लाई किए जा रहे पानी की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से विभिन्न वार्डों में नलों से आने वाले पानी में चिपचिपापन होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे स्थानीय रहवासियों में चिंता का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की गुणवत्ता इतनी खराब हो गई है कि वह पीने तो दूर, नहाने, कपड़े धोने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए भी उपयुक्त नहीं लग रहा है। लोगों का आरोप है कि पानी में अजीब तरह का चिपचिपापन महसूस हो रहा है। संभावित स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की आशंका के चलते कई परिवारों ने अपने घरों में नल-जल योजना की सप्लाई बंद कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद शेखर सिंह, वार्ड 8 के पार्षद सिल्लू गुप्ता, वार्ड 5 के पार्षद चंद्रिका वर्मा तथा वार्ड 4 के पार्षद परमेश्वर पटेल बिजुल नदी स्थित जल स्रोत पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। वहीं क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए।

पानी के गुणवत्ता की जांच तेज, एक सप्ताह से समस्या

निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने अधिकारियों से कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों की शिकायतों का शीघ्र समाधान कर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। नगर निगम के सब इंजीनियर बीएन तिवारी ने बताया कि पानी के नमूने प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी पानी की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार की तकनीकी या गुणवत्ता संबंधी समस्या सामने आती है तो उसे तत्काल दूर करने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जल्द ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

Next Post

सड़क हादसे में भड़का श्रमिको का आक्रोश

Fri Jul 10 , 2026
सिंगरौली । नवानगर थाना क्षेत्र के अमलोरी परियोजना के कलिंगा कॉमर्शियल कंपनी में कार्यरत पीसी ऑपरेटर एवं उसके साथी को अल सुबह महुआमोड़ पर कोल वाहन ट्रेलर वाहन के चालक ने टक्कर मार दिया, जहां दोनों की हालत गंभीर है। घायलो को नेहरू चिकित्सालय के बाद चिकित्सको ने वाराणसी के […]

You May Like