
रतलाम/बड़ावदा। जिले में लगातार बढ़ रहे संपत्ति संबंधी अपराधों के बीच बड़ावदा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 क्विंटल गेहूं चोरी के मामले का खुलासा कर अंतरजिला चोर गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में विभिन्न क्षेत्रों में 11 चोरी की वारदातें करना भी स्वीकार किया। एसपी के निर्देश, एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और आईसीजेएस डाटा के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। उल्लेखनीय है कि 6 मई 2026 को फरियादी अय्युब खां निवासी बड़ावदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत पर टीन शेड में रखा करीब 90 क्विंटल गेहूं चोरी हो गया है। मौके पर गेहूं बिखरा मिला और वाहन के टायरों के निशान भी पाए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध भंवरलाल चंद्रवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें साथी लखनसिंह गुर्जर के साथ मिलकर चोरी कबूल की। उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए एक दिन पहले बडऩगर क्षेत्र से आयशर वाहन चोरी किया था। गेहूं चोरी कर कच्चे रास्तों से रोहलखुर्द पहुंचाया गया और बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर महिदपुर मंडी में बेच दिया। चोरी में इस्तेमाल आयशर युसुफ को सौंपा, जिसने वाहन को काट दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, जीवन बारिया, शिवजी यादव, प्र.आर. मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह, जितेंद्र बारिया, राजेश पानोला सहित बड़ावदा, साइबर सेल की टीम की भूमिका रही।
अन्य वारदातों को लेकर रिमांड पर हो रही पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों में भंवरलाल पिता आशाराम चंद्रवंशी निवासी रोहलखुर्द थाना नागदा मंडी, लखनसिंह गुर्जर निवासी ग्राम एकतासा थाना देपालपुर जिला इंदौर तथा युसुफ पिता बाबु शाह निवासी देपालपुर जिला इंदौर शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से एक आयशर ट्रक, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो मोटरसाइकिल, गेहूं बिक्री की 95 हजार रुपए नगद राशि तथा अन्य सामान जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार अब तक चार प्रकरणों का मश्रुका बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य वारदातों के संबंध में आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ जारी रहेगी।
