परिजन शव ले कर रात में पहुंचे थाने, टीआई की समझाइश के बाद माने
सतना: जिले के बिरसिंहपुर कस्बे की एक नवब्याहता की इलाज के दौरान रीवा स्थित संजय गांधी मेडिकल कालेज में 31 जनवरी की रात मौत हो गई। परिजन शव ले कर रात में ही सभापुर थाने पहुंचे। टीआई की समझाइश के बाद शव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसिंहपुर की मरचुरी में रखा दिया गया। लेकिन सुबह माहौल तब बिगड़ने लगा जब पंचनामा कार्यवाही के लिए तहसीलदार मौके पर आने में हीला हवाली करने लगे।
परिजनों के साथ ग्रामीणों की भीड़ थाने में इकट्ठा हो गई। हंगामे के बीच टीआई ने जब मझगवां एसडीएम ए पी द्विवेदी को मामला बताया तब तहसीलदार ने मौके पर पहुंच पंचनामा कार्यवाही की। घटना के संबंध में मृतका पूजा चिकवा (27) के पिता निर्मल चिकवा ने बताया कि बेटी का विवाह 2 साल पहले उमरिया जिले के चंदिया में हुआ था। आएदिन उसकी ससुराल से डिमांड आने लगी। इसी बात पर पूजा के साथ ससुराल वाले मारपीट करने लगे।
प्रताड़ना की वजह से पूजा बीमार हो गई। इसके बाद निर्मल जा कर बीमार बेटी को ला कर रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती करा दिए। जिसकी इलाज के दौरान शुक्रवार की रात मौत हो गई। मृतका के परिजन अब ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए सभापुर थाने में अड़ गए। बाद में टीआई के समझाने पर मान गए। टीआई संखधर द्विवेदी ने बताया कि परिजनो ने दहेज प्रताड़ना की शिकायत चंदिया में नही की है। डेढ़ माह पहले बेटी को बिरसिंहपुर ले आये थे। इसके बाद रीवा में भर्ती करा कर इलाज करा रहे थे। मर्ग कायमी कर मामले को जांच में ले लिया गया है
