सतना:आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा नशे के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार का एलान करते ही अगले दिन सतना में 36 किला गांजा पकड़ा गया. यह गांजा शहर की बसोर बस्ती में खड़ी एक लक्जरी कार में पाया गया. इस मामले में पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि फरार महिला की तलाश की जा रही है.कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिए शकहर की बसोर बस्ती में खड़ी एक कार में गांजा रखे होने की सूचना मिली थी.
लिहाजा मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन ही पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई. आईटीआई बसोर बस्ती में एक एक्सयूवी कार खड़ी दिखाई दी, जिसका बाएं ओर का गेट खुला हुआ था. पुलिस की आहट पाते ही कार में सवार महिला बाहर निकलकर झोपड़ी की ओर भाग गई. वहीं पुलिस ने फौरन ही घेराबंदी करते हुए कार सवार व्यक्ति को दबोच लिया.
जिसकी पहचान सुनील वंशकार पिता अच्छेलाल ग्राम लोढउता बरगढ़ चित्रकूट के तौर पर हुई. युवक फिलहाल शहर की बसोर बस्ती में ही रह रहा था. इसी कड़ी में जब कार की जांच की गई तो बीच वाली सीट पर नीले रंग की बोरी रखी पाई गई. जिसे खोलकर देखने पर उसमें गांजा रखा मिला. कार से मिले कुल गांजे का वजन 36 किलो पाया गया. जिसकी कीमत 5 लाख 40 हजार रु आंकी गई. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा आरोपी युवक के विरुद्ध 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया. इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एक्सयूवी को भी जब्त कर लिया गया. वहीं गांजा तस्करी में लिप्त महिला चुंटी वंशकार की तलाश की जा रही है.
