
सीधी। खड्डी खुर्द-बगैहा टोला सडक़ धरने को 12वें दिन मौके पर सपा का समर्थन मिला। सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर लीला साहू के नेतृत्व में धरने पर बैठे ग्रामीणों का समर्थन करने समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव रामप्रताप यादव अपने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रदेश महासचिव रामप्रताप यादव द्वारा पार्टी का समर्थन सडक़ की मांग को लेकर चल रहे धरने को देते हुये वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर लीला साहू से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.मनोज यादव से बात करायी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ.यादव ने बात करते हुये कहा कि वर्ष 2024 से आप सडक़ निर्माण की मांग कर रही हैं, क्षेत्र के लिये आप के द्वारा उठाई गई जनहित की मांग को पार्टी की ओर से पूरा समर्थन है, जल्द ही पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी धरना स्थल पर पहुंचेंगे। प्रदेश महासचिव रामप्रताप यादव ने कहा कि लीला साहू द्वारा सडक़ निर्माण के लिये जो मांग की जा रही है वह पूरे समाज के लिये काफी आवश्यक है। पार्टी की ओर से इस मांग का पूरा समर्थन है। इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव दिनेश यादव, वरिष्ठ नेता जय सिंह राजू आदि उपस्थित रहे।
