देवरी में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन, विधायक व कलेक्टर ने किया स्टॉलों का निरीक्षण

सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत देवरी विकासखंड के मंडी प्रांगण में खंडस्तरीय जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम देवरी विधायक बृज बिहारी पटैरिया और कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। विधायक पटैरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से जनता, प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होेंने कहा कि विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे और आमजन की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत होने वाले कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने किसानों की समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष रखते हुए किसानों की जमीनों का शीघ्र कंप्यूटरीकरण कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जमीनों का कंप्यूटरीकरण होने से किसानों को खाद, बीज सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।कलेक्टर श्रीमती पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का उनके पास पहुंचकर निराकरण करना और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने आमजनों से संवाद कर समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रास्ता खोलने के आवेदनों का 3 दिवस में तथा आवासीय पट्टे के प्रकरणों में एसडीएम देवरी के माध्यम से सर्वे कराकर 7 दिवस में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों में आवेदकों को वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।

किसानों से कम भूमि में अधिक आय के लिए खेती में नवाचार एवं शेडनेट जैसी संरक्षित खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने किसानों को संबंधित विभाग से योजनाओं की जानकारी लेकर प्रगतिशील किसानों से तकनीकी जानकारी प्राप्त करने तथा कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं का लाभ लेने को कहा। उन्होंने आमजन से विभागीय स्टॉल पर आवेदन प्रस्तुत करने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों के स्वास्थ्य व पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा नशे से दूर रहने के लिए परिवार एवं समाज में जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया।पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने शिविर में कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से स्कूली बच्चों की सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षित आवाजाही, सुरक्षा संबंधी सावधानियों तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन को दी गई। पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए तथा नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में जैविक खेती सहित अन्य क्षेत्रों में नवाचार करने वाले हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

Next Post

अतिथि विद्वानों ने क्यों बनाई ‘विद्वान जनता पार्टी’? 3 अक्टूबर तक अल्टीमेटम, जानिए क्या हैं मांगें

Sat Sep 26 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश में अतिथि विद्वानों का आंदोलन अब राजनीतिक दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है। फॉलन आउट प्रक्रिया को खत्म करने की मांग को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से हुई बातचीत के बाद अतिथि विद्वानों ने ‘विद्वान जनता पार्टी’ (VJP) के गठन का ऐलान किया […]

You May Like