
हटा/दमोह।आगामी धार्मिक व सामाजिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से रनेह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत थाना प्रभारी नीतिश जैन ने की।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। थाना प्रभारी नीतीश जैन ने सभी से आपसी भाईचारा व सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी धार्मिक या सामाजिक आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि रनेह क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द की परंपरा को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए सूचना की पुष्टि पुलिस अथवा प्रशासन से करने की अपील की गई। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवाद उत्पन्न करने वाली सामग्री साझा न करने की समझाइश दी गई।
बैठक के दौरान आयोजनों में यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने भी क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव थाना प्रभारी के समक्ष रखे।
नवागत थाना प्रभारी नीतिश जैन ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में प्रभावी कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने क्षेत्र में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
