ग्वालियर: एक शख्स ने पत्नी पर गोलियों की बौछार कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शख्स की उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद गुस्से में उसने कट्टा निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली सीधे सीने पर लगने से महिला मौके पर ही गिर गई और उसकी मौत हो गई। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र की दर्पण कॉलोनी के पास स्थित मॉडल स्कूल के पास हुई। मृतका का नाम रूचि तोमर है। आरोपी पति सोनू तोमर है।
जानकारी के अनुसार दोनों के बीच घरेलू बहस हुई, जो धीरे-धीरे हाथापाई और गुस्से में बदल गई। बहस के दौरान सोनू ने कट्टा निकालकर पत्नी पर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे, लेकिन तब तक सोनू घर से भाग चुका था। महिला फर्श पर लहूलुहान पड़ी मिली। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक रूचि की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतका के शरीर में 6 गोलियां लगी हैं। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
