
नई दिल्ली 02 मई (वार्ता) विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह सोमवार को पांच दिन की अमेरिका यात्रा पर जाएंगे जहां वह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन समीक्षा मंच (आईएमआरएफ) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि आईएमआरएफ वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख अंतर-सरकारी मंच है, जहाँ वैश्विक प्रवासन समझौते के कार्यान्वयन और इसके सतत विकास लक्ष्यों के साथ संबंधों पर प्रगति की समीक्षा साझा की जाती है। इसमें चार संवादात्मक बहु-हितधारक गोलमेज बैठक, एक नीतिगत बहस और एक पूर्ण अधिवेशन आयोजित होगा। इसके अंत में एक प्रगति घोषणा को अपनाया जाएगा।
द्वितीय आईएमआरएफ, वर्ष 2022 में आयोजित प्रथम आईएमआरएफ के बाद आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारत ने सक्रिय रूप से भाग लिया था और अपने प्रवासी समुदाय के हितों की सुरक्षा और उन्नयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। यात्रा के दौरान श्री सिंह न्यूयॉर्क में आईएमआरएफ के पूर्ण अधिवेशन में भारत का राष्ट्रीय वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे। भारत आईएमआरएफ के दौरान “प्रवासन शासन में डिजिटल नवाचार का उपयोग – भारत के ई-माइग्रेट अनुभव” विषय पर एक ‘साइड-इवेंट’ का आयोजन और मेजबानी भी करेगा। विदेश राज्य मंत्री संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ आईएमआरएफ में भाग लेने वाले अन्य सदस्य देशों के मंत्रियों से भी मुलाकात करने की संभावना है।
