मुरैना के पितृवन में नरक चौदस पर दीपदान का आयोजन, 1100 दीपों से सजाया पितृवन

मुरैना। मुरैना के पितृवन में नरक चतुर्दशी के अवसर पर कल्पवृक्ष सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य दीपदान कार्यक्रम में जब 1100 दीपों की एक साथ लौ प्रज्वलित हुई, तो वातावरण श्रद्धा, सौंदर्य और अध्यात्म के प्रकाश से भर उठा. कार्यक्रम का शुभारंभ तुलसी माता की पूजा-अर्चना से हुआ. तुलसी माता को वस्त्र अर्पित कर विधिवत पूजन संपन्न किया गया. इसके पश्चात बेलपत्र और अन्य देववृक्षों की तलहटी में घी के दीप जलाए गए. आरती की मधुर ध्वनि और टिमटिमाते दीपों की लौ ने जैसे सम्पूर्ण वातावरण को दिव्यता से भर दिया.

धीरे-धीरे जब 1100 दीपकों की श्रृंखला पितृवन में जगमगाने लगी, तो चारों ओर प्रकाश का समंदर लहराने लगा. वृक्षों की शाखाओं पर पड़ते दीपों की झिलमिल रोशनी ऐसा अद्भुत दृश्य रच रही थी कि उपस्थित हर व्यक्ति मंत्रमुग्ध हो गया. कहीं हवा में दीपों की लौ लहराती थी, तो कहीं वृक्षों की छाया में प्रकाश ऐसे नाचता था जैसे स्वयं देवगण दीप आरती कर रहे हों.

कल्पवृक्ष सेवा समिति के अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी ने कहा, दीपदान केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, यह आत्मा का शुद्धिकरण, समाज में चेतना का संचार और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है. हमारे पूर्वजों ने दीपदान को केवल पूजा नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक साधना के रूप में देखा जिससे प्रकाश भीतर भी जले और बाहर भी.

Next Post

दीपावली खरीददारी के लिये बाजार में उमड़ी भीड़

Sun Oct 19 , 2025
रीवा। धनतेरस के बाद सोमवार को पडऩे वाली दीपावली की खरीददारी को लेकर रीवा शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रो के बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी है. हालाकि मंहगाई का असर खरीददारी में देखने को मिल रहा है. रविवार का अवकाश होने के कारण लोग बाजार में खरीददारी केलिये निकले है. लिहाजा […]

You May Like