कोलकाता/सिलचर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह रैली भाजपा की राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा’ के समापन और आगामी विधानसभा चुनावों के शंखनाद के रूप में देखी जा रही है। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें मुख्य रूप से सड़क अवसंरचना, रेलवे और पोर्ट सेक्टर की परियोजनाएं शामिल हैं, जो राज्य के आर्थिक परिदृश्य को बदलने की क्षमता रखती हैं।
परिवहन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री 420 किमी से अधिक लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिनमें NH-19 और NH-114 के महत्वपूर्ण खंड शामिल हैं। साथ ही, खड़गपुर-मोरग्राम इकोनॉमिक कॉरिडोर की नींव भी रखी जाएगी। रेलवे क्षेत्र में ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पुनर्विकसित किए गए छह आधुनिक स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों के संभावित ऐलान से ठीक पहले हो रहे इस दौरे को राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी असम के सिलचर में भी बड़ी घोषणाएं करेंगे। यहाँ वह करीब 22,860 करोड़ रुपये की लागत वाले शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का ‘भूमि पूजन’ करेंगे, जो उत्तर-पूर्व का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा। इस 166 किमी लंबे कॉरिडोर से गुवाहाटी और सिलचर के बीच यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर मात्र 5 घंटे रह जाएगा। इसके अतिरिक्त, करीमगंज में एग्रीकल्चर कॉलेज की नींव रखकर कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

