भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) की विभिन्न शाखाओं से मई माह में सेवानिवृत्त हुए चार कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी। नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पौधे और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की गई। साथ ही उनके विभिन्न देयकों एवं सेवा संबंधी दावों के भुगतान आदेश भी प्रदान किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि पुलिस मुख्यालय से लगातार ऐसे अनुभवी और समर्पित अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में विभाग को महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसमें देर रात तक और अवकाश के दिनों में भी कर्तव्यों का निर्वहन करना पड़ता है।
उन्होंने युवा पुलिसकर्मियों से विभाग की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने के लिए ऊर्जा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक सुनीता सिंह कुशवाह, मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक मोहन लाल मेहरा, कार्यवाहक आंकिक/सूबेदार (एम) मुकेश मिश्रा तथा कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार सक्सेना को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ए. साईं मनोहर, उप पुलिस महानिरीक्षक किरणलता केरकेट्टा, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे। सहायक पुलिस महानिरीक्षक इरमीन शाह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल की जानकारी दी, जबकि उपस्थित अधिकारियों ने उनकी मेहनत, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता की सराहना की।
