दुबई, 11 अक्टूबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका की बाएं हाथ की स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा को महिला विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई और एक डिमेरिट अंक दिया।
आईसीसी ने गुरुवार को खेले गये इस मुकाबले में बाएं हाथ की स्पिनर ने 17वें ओवर में हरलीन देओल को आउट करने के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाने का इशारा किया था। मैच अधिकारियों ने इस हरकत को भड़काऊ माना।
म्लाबा को अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जो कि किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर उसकी भाषा, क्रिया या हाव-भाव का अपमान करने या आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़काने से संबंधित है। म्लाबा ने आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के तहत आरोप स्वीकार कर लिया है यह 24 महीने की अवधि में उनका पहला अपराध है।
अंपायर जैकलीन विलियम्स, किम कॉटन, कैंडेस ले बोर्डे और सू रेडफर्न के आरोप पर मैच रेफरी ट्रुडी एंडरसन ने यह सजा सुनाई। लेवल 1 के उल्लंघन के लिए न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार है।
