आईटी, फार्मा शेयरों में लिवाली से बाजार संभला

मुंबई, 07 अगस्त (वार्ता) अमेरिका में भारतीय निर्यात पर शुल्क बढ़ा कर 50 प्रतिशत किए जाने की घोषणा से प्रभावित कारोबार में घेरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को भारी उतार-चढ़ाव दिखा और तेज गिरावट के बाद आखिरी दो घंटे में, विशेष रूप से आईटी, फार्मा तथा ऑटो कंपनियों के शेयरों में लिवाली के समर्थन से अंतत: प्रमुख शेयर सूचकांक हल्के लाभ में बंद हुए।
बुधवार को तीन महीने के निचले स्तर पर बंद होने वाला बीएसई का सेंसेक्स 79.27 अंक (0.10 प्रतिशत) की तेजी के साथ 80,623.26 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में 926 अंक का उतार चढ़ाव दिखा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 भी 21.95 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,596.15 अंक पर पहुँच गया।
अमेरिका में भारतीय निर्यात माल पर शुल्क दो गुना कर 50 प्रतिशत किये जाने की घोषणा के असर से बाजार में काफी उतार-चढ़ाव दिखा। सुबह बीएसई-30 सेंसेक्स 279 अंक गिर कर 80,543.99 अंक पर खुला और दोपहर बाद एक समय 79,811.29 अंक तक आ गया था लेकिन कम कीमतों पर लिवाली आने से आखिरी दो घंटे में 900 अंक से ज्यादा सुधर कर 80,737.55 अंक तक पहुँच गया। अंत में यह 80,543.99 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह, एनएसई का निफ्टी-50 भी 90 अंक टूटकर 24,464.20 अंक पर खुला और दोपहर बाद तक 24,344.15 अंक तक उतर गया था। बाद में लिवाली आने से 24,634.20 अंक तक मजबूत होने के बाद 24,596.15 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर 1.68 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.17 प्रतिशत, इटरनल का 0.97 प्रतिशत और एक्सिस बैंक का 0.85 प्रतिशत चढ़ा। मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर भी हरे निशान में रहे।
अडानी पोर्ट्स में 1.55 प्रतिशत, ट्रेंट में 1.06 प्रतिशत, टाटा मोटर्स में 0.85 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनीलिवर में 0.74 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और बीईएल के शेयर भी लाल निशान में बंद हुये।
एनएसई में 100 शेयरों पर आधारित निफ्टी-100 सूचकांक में 0.11 प्रतिशत की तेजी रही। मझोली और छोटी कंपनियों में ज्यादा लिवाली देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 का सूचकांक 0.49 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप-100 का 0.17 फीसदी चढ़ गया।
आईटी, फार्मों एवं ऑटो समूहों के सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुये। स्वास्थ्य, एफएमसीजी, बैंकों और धातु समूहों के सूचकांक भी चढ़े।
विदेशों में एशियाई शेयर बाजार हरे निशान में रहे। जापान का निक्केई 0.65 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.69 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.16 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुए । भारतीय समयानुसार दोपहर को खुलने वाले यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डैक्स शुरुआती कारोबार में 1.71 प्रतिशत की बढ़त में चल रहा था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.27 प्रतिशत नीचे था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रुस से तेल खरीदने को लेकर भारत के माल पर और 25 प्रतिशत का शुल्क लगा दिया है जिससे कुल शुल्क 50 प्रतिशत हो गया है। नये शुल्क 27 अगस्त से प्रभावी होंगे। बाजार विश्लेषकों के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम की अगले सप्ताह के शुरू में रुस के राष्ट्रपति ब्लादीमीर पुतिन के साथ बैठक होने की खबरों से भू-राजनीतिक तनाव को लेकर बाजार की चिंताएं कुछ हल्की पड़ी हैं।
स्थानीय कारोबारियों को अब भी उम्मीद है कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के कुछ सार्थक नतीजे आ सकते हैं। द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर अगले दौर की बातचीत के लिए अमेरिकी दल 24 अगस्त को भारत आने वाला है।

Next Post

चावल सस्ता, दालों-खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव, चीनी स्थिर

Thu Aug 7 , 2025
नयी दिल्ली, 07 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल के दाम बढ़ गये जबकि गेहूँ की औसत कीमतों में स्थिरता रही। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव रहा जबकि चीनी की कीमत स्थिर रही। विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का […]

You May Like