
कोतमा। आज वार्ड क्रमांक 2 रेलवे फाटक तिराहे के पास एक निजी विद्यालय के बस चालक द्वारा बेलगाम गति से चलाने के दौरान बेकाबू होकर बस घर में घुस गई। बस की टक्कर से घर की पट्टी, लोहे का शटर एवं छज्जे के हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया। उक्त हादसे से मकान में रहने वाले कई महिला पुरुष सकते में आ गए। गनीमत रही कि घटना के 5 मिनिट पूर्व ही 30 से ज्यादा बच्चों को स्कूल में उतारा गया था। हादसे वाले मकान में 15 से ज्यादा की संख्या में लोग रहे। जिससे बड़ा हादसा होते होते बच गया।
घंटों चला हंगामा
सुबह 10 बजे के लगभग हुई घटना के बाद मकान मालिक राजकुमार जैन, अक्षय जैन शंभू जैन की परिवार व आसपास के लोग काफी आक्रोशित नजर आए। बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर घंटों हंगामा होता रहा।प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार बस चालक तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाने से दुर्घटना हुई है। अनियंत्रित गति से मोड़ते हुए दूसरों को भी दुर्घटना करते-करते बचाया और ले जाकर मकान में भिड़ा दिया। बताया जाता है कि बस घर की दीवार एवं शटर से टकराई तो तेज धमाका हुआ। धमाका सुनकर घर सदस्य एवं वार्डवासी एकत्र होकर चालक के खिलाफ कार्यवाही कि मांग पर अड़े रहे।
जानकारी अनुसार बस का कंप्रेशर कई दिनो से लीक था जिसके कारण ब्रेक फेल होने से दुर्घटना हुई। जिसमें चालक की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। सूचना पर स्कूल प्रबंधन, पुलिस एवं अन्य लोग भी पहुंचे। प्रबंधन द्वारा घटना पर दुःख प्रकट करते चालक के खिलाफ कार्यवाही का भरोसा दिया। जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
