
सिलवानी। थाना क्षेत्र के ग्राम चुन्हेटिया में एक घटना सामने आई है, जहां भैंस चराने गए 60 वर्षीय वृद्ध का शव बुधवार रात तेंदोनी नदी के हनुमान घाट पर पानी में डूबा हुआ मिला। मृतक की पहचान बलवंत आदिवासी पिता मंजूलाल आदिवासी निवासी चुन्हेटिया के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार बलवंत बुधवार सुबह मवेशी चराने निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। जब काफी देर तक कोई सूचना नहीं मिली, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव तेंदोनी नदी के हनुमान घाट पर पानी में डूबा हुआ मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिलवानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल सिलवानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बलवंत को मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सूत्रों के अनुसार मृतक बलवंत को मिर्गी की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि पानी देखकर उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा हो, जिससे वे नदी में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी पूनम सविता ने जानकारी दी कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
