
रायसेन। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के फर्जी पट्टों का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लोगों से पट्टे दिलाने के नाम पर हर आवेदन पर 15-15 हजार रुपये वसूलते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
एसपी पंकज कुमार पांडे ने बताया कि आरोपियों ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार की नकली सील व हस्ताक्षर लगाकर पट्टे बनाए और इन्हें नगर पालिका में जमा करवाया। जांच में सबसे अधिक फर्जी पट्टे वार्ड नंबर 4 और 14 में पाए गए।
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के नेतृत्व में जांच टीम ने अमान खान (26), नोमान खान (30) और रामकृष्ण उर्फ रामू सेन (45) को गिरफ्तार किया। बताया गया कि यह गिरोह पिछले छह महीनों से सक्रिय था और उसने लगभग 100 से अधिक फर्जी पट्टे तैयार किए।
एसपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी ने इस गिरोह को पैसे देकर पट्टा बनवाया है, तो स्वयं पुलिस को सूचना दें। साथ ही चेताया गया है कि जांच में नाम आने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, क्योंकि सरकारी योजनाओं के लिए फर्जी दस्तावेज बनाना अपराध है।
